MP News: सागर में कपड़ा व्यापारी की जहर खाने से मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम, पैसों के लेनदेन में प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद नाराज परिजनों ने माता मढ़िया तिराहे के पास सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और मामले में कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोग व्यापारी को लगातार परेशान कर रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में था। सूचना मिलते ही कोतवाली और मोतीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए।

कर्ज को लेकर परेशान था व्यापारी

जानकारी के अनुसार बाहुबली कॉलोनी निवासी विकास जैन उर्फ मोगली गारमेंट की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने शहर के कुछ लोगों से कर्ज लिया था और इसी को लेकर वे परेशान चल रहे थे। गुरुवार को उन्होंने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें भाग्योदय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post