अवैध शराब और नशे के कारोबार पर सख्ती
एसपी सम्पत उपाध्याय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और नशे के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने छोटे-बड़े सभी नशा तस्करों के खिलाफ प्रतिदिन कार्रवाई करने, अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा कोचिंग संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास स्थित गुमटियों, होटलों और दुकानों की सघन चेकिंग कर नशे से जुड़े गिरोहों को चिन्हित कर उन्हें पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
हिस्ट्रीशीटर और गुंडों पर 24 घंटे नजर रखने के निर्देश
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि हिस्ट्रीशीटर, तड़ीपार बदमाशों, चाकूबाजों और लुटेरों की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए। उनके आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए अपराध की संभावनाओं को पहले ही समाप्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी, चिटफंड, अपहरण, एससी/एसटी एक्ट और महिला संबंधी अपराधों सहित सभी गंभीर प्रकरणों की विवेचना में तेजी लाकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
प्रतिदिन पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग पर जोर
एसपी ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन शाम को बल की गणना के बाद थाना क्षेत्र के संवेदनशील और अपराध संभावित स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग की जाए। जिन क्षेत्रों में पहले चैन स्नेचिंग, मोबाइल स्नेचिंग और चाकूबाजी की घटनाएं हुई हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए।
रात्रि के समय स्थान और समय बदल-बदलकर चेकिंग अभियान चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा संगठित जुआ-सट्टा, मिलावटखोरी और सूदखोरी में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
लंबित प्रकरणों और मर्ग की विवेचना में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में लंबित मर्ग, गुमशुदगी और संपत्ति संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए एसपी ने अधिकारियों को आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
साथ ही साइबर फ्रॉड के मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने, अपहृत नाबालिगों की शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित करने और महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
आगामी होली पर्व को देखते हुए पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों और गांवों में जाकर लोगों से संवाद बढ़ाएं, ताकि पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास मजबूत हो सके। उन्होंने हर गांव में पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करने के लिए कम से कम चार विश्वसनीय लोगों को चिन्हित कर नेटवर्क तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंच सके।
सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर
एसपी सम्पत उपाध्याय ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत पुलिसिंग और जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण होली सुनिश्चित करने पर फोकस
एसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता, सतर्कता और मजबूत सूचना तंत्र के माध्यम से अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अपराध को सख्ती से रोका जाएगा।

