दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। जेल से रिहा होने के बाद भी बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला गढ़ा थाना क्षेत्र का है, जहां कुख्यात बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर रंगदारी न मिलने पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गया।
छुई खदान के पास हुई वारदात
घटना गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुई खदान के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र का कुख्यात बदमाश शिब्बू खान अपने चार अन्य साथियों के साथ बेदी नगर स्थित छुई खदान पहुंचा और वहां रहने वाले लालू पटेल से हफ्ता वसूली के लिए रुपयों की मांग करने लगा। जब लालू पटेल ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाश शिब्बू खान ने अपने पास रखी पिस्टल से गोली चला दी।
गोली चलाकर मौके से फरार
बताया जा रहा है कि गोली चलने के बाद लालू पटेल ने किसी तरह जान बचाने के लिए मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
हाल ही में जमानत पर छूटा था आरोपी
पीड़ित लालू पटेल ने पुलिस को बताया कि शिब्बू खान क्षेत्र का कुख्यात बदमाश है और कुछ दिन पहले ही दिनेश झारिया हत्याकांड के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया है। जेल से छूटते ही उसने दोबारा आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं और क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में फायरिंग की पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने शुरू की तलाश
गढ़ा थाना पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी शिब्बू खान और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जेल से छूटने के बाद बदमाशों पर कड़ी निगरानी नहीं होने से इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
Tags
jabalpur
