दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जेल से जमानत पर छूटने के बाद क्षेत्र में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग करने वाले कुख्यात बदमाश शिब्बू खान को गढ़ा पुलिस ने देर रात मेडिकल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फरारी के दौरान लगातार क्षेत्र में आतंक फैला रहा था।
पुलिस के अनुसार, शिब्बू खान हाल ही में दिनेश झारिया हत्याकांड में जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद उसने बेदी नगर छुई खदान क्षेत्र में अपने साथियों के साथ पहुंचकर स्थानीय निवासी लालू पटेल से हफ्ता वसूली की मांग की। जब लालू पटेल ने पैसे देने से इनकार किया, तो शिब्बू खान ने पिस्टल से उस पर गोली चलाकर हत्या करने का प्रयास किया। हालांकि लालू पटेल मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अपने साथियों के साथ फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वारदात के बाद शिब्बू खान फरार हो गया था और फरारी के दौरान भी उसने हवाई फायर कर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की।
गढ़ा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी कर मेडिकल क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब शिब्बू खान के अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है।
Tags
jabalpur
