दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंदसौर। मंदसौर में भाजपा पार्षद की पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वार्ड क्रमांक 15 के भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना पर गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे अभिनंदन क्षेत्र में उस समय हमला किया गया, जब वह अपने पिता के घर से लौटकर ऑो में बैठ रही थीं। गंभीर रूप से घायल रुबीना को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपाचे बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे। उनमें से एक युवक ने अचानक धारदार चाकू से रुबीना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पारिवारिक विवाद का एंगल सामने आया
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, साहिल नामक एक युवक पर संदेह है, जो परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस इस एंगल से गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की तलाश, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
सात महीने पहले ही हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, पार्षद शाहिद मेव ने करीब सात महीने पहले रुबीना से तीसरी शादी की थी। रुबीना के पहले से दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी। फिलहाल पुलिस निजी और पारिवारिक संबंधों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार ने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की
मृतका के भाई पीरु शाह ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी बहन घर लौट रही थी, तभी हमलावरों ने हमला कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Tags
madhya pradesh
