MP News: बारात में राई की धुन को लेकर विवाद, बैंड बजाने वाले नाबालिग की गोली मारकर हत्या; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में बारात के दौरान बैंड बजाने वाले एक 15 वर्षीय नाबालिग की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी जब्त कर ली गई है। घटना 12 फरवरी की है, जब गोलाकुआं के पास सोनी परिवार की बारात निकल रही थी और नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, बारात में बैंड बजा रहे विवेक बंसल से आरोपी प्रशांत पटेल ने राई की धुन बजाने को कहा था। इसी बात को लेकर विवाद हो गया और आरोपी ने गुस्से में आकर विवेक के सीने में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन फुटेज की जांच की, जिसमें मिले साक्ष्यों के आधार पर संदेही प्रशांत पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने पहले बताया कि उसने पिस्टल दुबे तालाब में फेंक दी है, जिसके बाद पुलिस ने तालाब में सर्चिंग कराई, लेकिन हथियार नहीं मिला। बाद में दोबारा पूछताछ करने पर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ही पिस्टल बरामद कर ली। इस मामले में पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को भी सहआरोपी बनाया है।

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की गई थी। जांच में सामने आया कि गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते आरोपी ने विवेक को गोली मार दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है। जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post