Jabalpur News: मानेगांव में पुलिस ने युवक को सुअरमार बम के साथ किया गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मानेगांव में पुलिस ने देर रात एक युवक को सुअरमार बम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी के घर पर बम फेंकने की बात कर रहा था, जिसकी सूचना मुखबिर द्वारा पुलिस को दी गई थी।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि मानेगांव तालाब स्थित सामुदायिक भवन के सामने एक युवक, जिसने लाल-सफेद रंग की अपर पहन रखी है, संदिग्ध अवस्था में बैठा है और बम फेंकने की बात कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर दबिश दी।

पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक स्वामी उर्फ अभी, पिता अजय स्वामी, उम्र 21 वर्ष, निवासी विकासनगर मानेगांव, रांझी बताया।

तलाशी लेने पर आरोपी की अपर की दाहिनी जेब से एक सुअरमार बम बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अभिषेक स्वामी के खिलाफ पहले से आबकारी और मारपीट के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके इरादों व संभावित साजिश की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post