दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले के सिमरिया गांव में रविवार सुबह खेत की मेड़ पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में युवती की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने दुष्कर्म की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।
ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना
घटना नेशनल हाईवे के पास माढ़ोताल और पाटन थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित नूनसर चौकी इलाके की है। रविवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने मेड़ पर शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नूनसर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पहचान अब तक नहीं
पुलिस के अनुसार मृतका की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।
24 घंटे के भीतर हुई वारदात
एफएसएल अधिकारी नीता जैन ने बताया कि घटना पिछले 24 घंटे के भीतर की प्रतीत होती है। युवती के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। उन्होंने बताया कि मृतका के साथ यौन उत्पीड़न की संभावना भी है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतका नाबालिग है या वयस्क महिला। पुलिस को एक 17 वर्षीय लड़की की गुमशुदगी की शिकायत मिली है और उसके परिजनों को पहचान के लिए बुलाया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
एडिशनल एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पहचान और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
Tags
jabalpur
