Jabalpur News: क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.64 लाख रुपये की 4,800 कोडीन कफ सिरप की बोतलें जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना माढ़ोताल पुलिस की संयुक्त टीम ने नशे के रूप में उपयोग होने वाली प्रतिबंधित मैक्काटस कफ सिरप (कोडीन फॉस्फेट) की बड़ी खेप जब्त करते हुए 4,800 बोतलें बरामद की हैं। जब्त कफ सिरप की कुल कीमत लगभग 8 लाख 64 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई कटंगी रोड स्थित व्ही.आर.एल. ट्रांसपोर्ट, टाटा शोरूम के पास की गई।

थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप रखी हुई है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार क्राइम ब्रांच, माढ़ोताल पुलिस और ड्रग निरीक्षक देवेन्द्र जैन की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान व्ही.आर.एल. ट्रांसपोर्ट के केशियर सुमित यादव (25), निवासी ग्राम बेला, जिला वाराणसी (उत्तरप्रदेश), वर्तमान निवासी चुंगी नाका साई डेयरी के पास से संबंधित दस्तावेज और जानकारी प्राप्त की गई।

जांच में सामने आया कि यह खेप मैक्काक्योर फार्मासिस्ट, देहरादून (उत्तराखंड) से हिमांशु झा द्वारा 5 फरवरी 2026 को मेसर्स सचिन मेडिकोज, ग्राम गुबरा, थाना जबेरा, जिला दमोह के नाम से बुक करवाई गई थी। कुल 40 कार्टून में रखी 4,800 बोतल मैक्काटस कफ सिरप ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भेजी गई थी, जिसकी डिलीवरी 16 फरवरी को ली जानी थी।

ड्रग निरीक्षक देवेन्द्र जैन ने बताया कि कोडीन युक्त कफ सिरप का नशे के रूप में दुरुपयोग किया जाता है और इसके विक्रय एवं वितरण पर सख्त नियंत्रण के निर्देश जारी हैं। निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में भंडारण और परिवहन अवैध है।

पुलिस ने मौके से पूरी खेप जब्त करते हुए सुमित यादव, मेसर्स सचिन मेडिकोज दमोह, हिमांशु झा और मैक्काक्योर फार्मासिस्ट देहरादून के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेस एक्ट की धारा 8बी, 21, 22 तथा म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post