MP Breaking News: उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने दिया इस्तीफा, खड़गे को लिखा पत्र— बोले: परिवार और क्षेत्र को समय नहीं दे पा रहा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। अटेर से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देने की सूचना दी है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर कहा कि परिवार और अपने क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पाने के कारण वे यह जिम्मेदारी छोड़ रहे हैं।

पत्र में कटारे ने लिखा कि संगठन जिसे चाहे यह जिम्मेदारी सौंपे, वे पूर्ण सहयोग करेंगे। पार्टी ने उन्हें इस पद के योग्य समझा, इसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।

वैवाहिक वर्षगांठ के दिन दिया इस्तीफा
आज हेमंत कटारे की मैरिज एनिवर्सरी है। इसी दिन उन्होंने इस्तीफे की सूचना दी। वे शाम करीब 4 बजे तक मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद रहे, इसके बाद अपने विधानसभा क्षेत्र अटेर के लिए रवाना हो गए।

2023 में बड़ी जीत दर्ज की थी
विधानसभा चुनाव 2023 में हेमंत कटारे ने भाजपा के पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को 20,228 वोटों से हराया था। वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के बेटे हैं। हेमंत कटारे पहली बार 2013 में अटेर से विधायक बने थे, जबकि 2018 का चुनाव हार गए थे।

पारिवारिक राजनीतिक विरासत
उनके पिता सत्यदेव कटारे अटेर सीट से चार बार विधायक रहे और मध्य प्रदेश के गृह मंत्री भी रह चुके हैं।

फिलहाल पार्टी स्तर पर इस्तीफे पर औपचारिक निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।

खबर लगातार अपडेट की जा रही है…

Post a Comment

Previous Post Next Post