Jabalpur Breaking News: दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ के बाद तनाव, हिंदू संगठनों ने थाना घेरा; भारी पुलिस बल तैनात

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर सिहोरा तहसील के आज़ाद चौक क्षेत्र में स्थित दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। शुक्रवार को हिंदू संगठनों ने सिहोरा थाने का घेराव किया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि गुरुवार रात करीब 9 बजे 50–70 लोगों की भीड़ द्वारा दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद दो संप्रदायों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट व पथराव की घटनाएं हुईं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। घटना आज़ाद चौक वार्ड क्षेत्र की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। सिहोरा, खितौला, गोसलपुर, पनागर सहित 12 से अधिक थानों का पुलिस बल क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च भी किया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर में आरती और मस्जिद में अजान एक ही समय पर हो रही थी, इसी दौरान विवाद शुरू हुआ जो बाद में झड़प और पथराव में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पथराव में आसपास रखे पत्थरों और मलबे का उपयोग किया गया। कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्गा मंदिर समिति के सदस्य अंकेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि मस्जिद की ओर से बड़ी संख्या में युवक बाहर आए और विवाद शुरू हुआ। वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, शांति बनी हुई है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और लगातार निगरानी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post