Jabalpur News Update: आरती-अजान एक साथ होने पर बवाल, दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़, पथराव और मारपीट; 15 से अधिक हिरासत में, इलाके में तनाव

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गुरुवार रात करीब 9 बजे आरती और अजान एक साथ होने के दौरान उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सिहोरा तहसील के आजाद चौक, वार्ड नंबर-5 स्थित दुर्गा मंदिर क्षेत्र में 50 से 70 लोगों की भीड़ द्वारा पथराव और मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। हालात को काबू में करने के लिए सिहोरा, खितौला, गोसलपुर, पनागर सहित 12 से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। रातभर क्षेत्र में गश्त जारी रही।

आरती-अजान एक साथ होने से बढ़ा तनाव


पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मंदिर में आरती और मस्जिद में अजान एक ही समय पर चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई।

मंदिर समिति के सदस्य से मारपीट का आरोप


दुर्गा मंदिर समिति के सदस्य अंकेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि मस्जिद से 50-70 युवकों की भीड़ बाहर आई और मंदिर के सामने गाली-गलौज करने लगी। विरोध करने पर कुछ लोग मंदिर में घुसने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान उन्हें मंदिर के अंदर से घसीटकर बाहर निकाला गया और भीड़ ने मारपीट की।

मस्जिद परिसर में पड़े पत्थरों से पथराव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मस्जिद में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते वहां पत्थर और मलबा रखा हुआ था। विवाद के दौरान इन्हीं पत्थरों का उपयोग कर पथराव किया गया। करीब 20 से 25 मिनट तक पथराव चलता रहा, जिसमें मंदिर के कांच टूट गए और कई लोग घायल हो गए। बहोरीबंद विधायक के भाई प्रांजल पांडे को भी पत्थर लगने की जानकारी सामने आई है।

सीसीटीवी फुटेज से पहचान


एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने इलाके में फ्लैग मार्च कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post