दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दलित युवक के साथ अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। पैसे न देने के विवाद में बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की और उसे अपमानित किया। इस घटना के दो वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना अंबाह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित युवक आरोपी की ही गली में किराए से रहता था। कर्ज के विवाद को लेकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ युवक को बुलाया और उसके साथ अभद्रता की। डर और दबाव के चलते पीड़ित का परिवार घर छोड़कर कहीं चला गया है, जिसकी फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि आरोपी की पहचान आभाष उर्फ धर्मेंद्र तोमर के रूप में हुई है, जो अंबाह थाने का आदतन अपराधी (हिस्ट्रीशीटर) है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना के दो वीडियो सामने आए हैं, जिन्हें आरोपी के ही किसी साथी ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित को सुरक्षा व न्याय दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पीड़ित परिवार की तलाश में जुटी है और आश्वासन दिया गया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
