दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। उज्जैन में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पेट से लगभग 18 किलोग्राम वजनी विशाल गांठ को सफलतापूर्वक निकालकर आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महिला पिछले पांच से छह महीनों से इस असामान्य रूप से बड़ी और भारी गांठ के साथ रह रही थी, जिससे उसे लगातार दर्द, कमजोरी और रोजमर्रा की गतिविधियों में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
चिकित्सकीय जांच में महिला के पेट में अत्यंत बड़ी और जटिल गांठ पाई गई, जिसे ओवेरियन सिस्टेडिनोमा अथवा संभावित ओवेरियन कैंसर से जुड़ा माना जा रहा था। गांठ के आकार और वजन को देखते हुए ऑपरेशन को अत्यधिक जोखिमपूर्ण माना जा रहा था, लेकिन इसके बावजूद डॉक्टरों की टीम ने सटीक योजना और सावधानी के साथ सर्जरी को अंजाम दिया।
मंगलवार को किए गए इस दुर्लभ और जटिल ऑपरेशन में आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने करीब 18 किलो की गांठ को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। इस सर्जरी को डॉ. विशाल दुबे, डॉ. अनुभव मिश्रा, डॉ. सौरभ प्रजापति और डॉ. विकास मारु की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और मरीज की हालत स्थिर है। महिला तेजी से स्वस्थ हो रही है और फिलहाल किसी भी प्रकार की जटिलता सामने नहीं आई है। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर उपचार और टीमवर्क के कारण यह चुनौतीपूर्ण सर्जरी संभव हो सकी, जिससे मरीज को नया जीवन मिला है।
Tags
madhya pradesh
