MP News: हाईवे प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी, लग्जरी गाड़ियां हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। हाईवे प्रोजेक्ट में गाड़ियां अटैच कराने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी अभय भदौरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने कई लोगों की महंगी और लग्जरी गाड़ियों को अपने कब्जे में लेकर चोरी-छिपे उन्हें गिरवी रख दिया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब भास्कर शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी दो कारें अचानक गायब हो गई हैं। पुलिस ने जांच के दौरान जीपीएस लोकेशन की मदद से एक अर्टिगा कार का पता लगाया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वह कार किसी अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रखी गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को यह कहकर फंसाता था कि उनकी गाड़ियों को हाईवे प्रोजेक्ट में लगाया जाएगा। शुरुआत में वह कुछ समय तक नियमित किराया देता था, जिससे वाहन मालिकों का भरोसा जीत लेता था। इसके बाद वह गाड़ियों को गिरवी रखकर मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था।

क्राइम ब्रांच की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने लगभग 50 से अधिक गाड़ियों के साथ इसी तरह की ठगी की है। इनमें कई महंगी और लग्जरी कारें शामिल हैं। पुलिस अब उन लोगों की भी जांच कर रही है जिन्होंने नियमों के खिलाफ इन गाड़ियों को गिरवी रखा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी धर्मवीर सिंह ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post