Jabalpur News: तेज रफ्तार कार ने राहगीर को मारी टक्कर, CCTV वायरल; स्पीड ब्रेकर की मांग तेज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में हिट एंड रन की एक और घटना सामने आई है। गोराबाजार थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल की पहचान नीलेश विनोदिया के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक हैं और गोराबाजार क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेताओं में आक्रोश, ज्ञापन सौंपा

घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों और कांग्रेस नेताओं में रोष है। गोराबाजार, बिलहरी और तिलहरी क्षेत्र के निवासियों और कांग्रेस नेताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की है।

तेज रफ्तार बन रही जानलेवा

कैंट ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष पवन कनोजिया का कहना है कि जिन सड़कों पर स्पीड ब्रेकर नहीं हैं, वहां वाहन चालक बेखौफ होकर तेज रफ्तार से गाड़ियां चला रहे हैं। गोराबाजार से बिलहरी रोड जबलपुर, मंडला और रायपुर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां दिन-रात भारी ट्रैफिक और तेज गति से वाहन चलते हैं।

100 किमी प्रति घंटे तक रफ्तार

बिलहरी और तिलहरी क्षेत्र के निवासियों के अनुसार इस मार्ग पर कई वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलते हैं। इतनी तेज गति में दुर्घटना होने पर जान बचना मुश्किल हो जाता है। इसी कारण लंबे समय से लोग सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

गोराबाजार थाना प्रभारी संजीव त्रिपाठी ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही स्थानीय लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए यह मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा रहा है, ताकि सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post