दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। त्रिपुर सुंदरी मंदिर परिसर में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूजन सामग्री की एक दुकान में नारियल के ढेर के बीच जहरीला कोबरा सांप छिपा मिला। मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में सांप की मौजूदगी की खबर से दुकानदारों और भक्तों में दहशत फैल गई।
दुकानदार की नजर जैसे ही नारियल के ढेर में छिपे सांप पर पड़ी, उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास की दुकानों के लोग भी मौके पर पहुंच गए और तत्काल सर्प विशेषज्ञ को सूचना दी गई। कुछ ही देर में सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे मंदिर परिसर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
शुरुआत में दुकान के भीतर काफी तलाश की गई, लेकिन सांप दिखाई नहीं दिया। इसके बाद उस स्थान पर खोज की गई, जहां दुकानदार ने सांप देखे जाने की बात कही थी। नारियल के ढेर को सावधानीपूर्वक हटाने के बाद विशेषज्ञ ने जहरीले कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे ने बताया कि यह कोबरा प्रजाति का अत्यंत विषैला सांप था। रेस्क्यू के बाद उसे बरगी के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। दुकानदारों के अनुसार दुकानों के पीछे खेत हैं, जहां सिंचाई का काम चल रहा है। संभवतः ठंड और अनुकूल तापमान की तलाश में कोबरा नारियल के ढेर में आकर छिप गया था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
