Jabalpur Breaking News: दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ के बाद तनाव, दो पक्षों में पथराव; आंसू गैस छोड़कर पुलिस ने संभाला मोर्चा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
 सिहोरा के आजाद चौक इलाके में दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के बाद तनाव फैल गया। आजाद चौक, वार्ड नंबर 5 में आरती के दौरान एक युवक द्वारा मंदिर की ग्रिल तोड़े जाने की सूचना है। इसके बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट व पथराव की घटना हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

आरती के दौरान शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में आरती चल रही थी तभी एक युवक ने प्रवेश कर ग्रिल तोड़ दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, आंसू गैस के गोले छोड़े


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालात बिगड़ते देख भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। अतिरिक्त बल भी बुलाया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

जनप्रतिनिधियों ने ली जानकारी

सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी कार्यकर्ताओं के माध्यम से मिली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात कर हालात की समीक्षा की है। वहीं, प्रभारी मंत्री को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया है।

क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता


पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

खबर लगातार अपडेट की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post