MP News: सागर में फर्जी डीएसपी और दो फर्जी आरक्षक गिरफ्तार, होमगार्ड में नौकरी दिलाने के नाम पर मांग रहे थे 1 लाख रुपए

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी डीएसपी और दो फर्जी पुलिस आरक्षकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक को होमगार्ड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। युवक को संदेह होने पर उसने असली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तीनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया गया।

जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ क्षेत्र के एक युवक ने पुलिस को शिकायत दी कि वह कुछ दिनों से खुद को डीएसपी बताने वाले एक व्यक्ति के संपर्क में था। आरोपी ने अपना नाम शिवम चतुर्वेदी बताया और खुद को जबलपुर में पदस्थ डीएसपी बताया। उसने युवक को होमगार्ड में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और बदले में 1 लाख रुपए की मांग की।

युवक को संदेह होने पर उसने मामले की जानकारी मध्य प्रदेश पुलिस को दी। पुलिस ने योजना बनाकर आरोपियों को पकड़ने की रणनीति तैयार की।

बुधवार को आरोपी बिना नंबर की बोलेरो में दो अन्य फर्जी पुलिसकर्मियों के साथ शाहगढ़ पहुंचे। युवक ने उन्हें चायगढ़ कैफे में मिलने के लिए बुलाया। सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में फर्जी डीएसपी ने अपना नाम शिवम चतुर्वेदी बताया, जबकि उसके साथ आए दो फर्जी आरक्षकों ने अपने नाम राजकुमार ठाकुर और सतीश सिंह ठाकुर, निवासी बरही जबलपुर, बताए। जांच के दौरान उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि तीनों आरोपी सुनियोजित तरीके से फर्जी पहचान बनाकर नौकरी के नाम पर ठगी करने की साजिश रच रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी ग्वालियर क्राइम ब्रांच में इसी तरह का मामला दर्ज हो चुका है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post