दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर (एजेंसी)। ग्वालियर में नई लग्जरी कार खरीदने के बाद युवकों द्वारा सरेआम स्टंटबाजी और हाइवे पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो शीतला माता रोड का है। वीडियो में एक दर्जन से अधिक युवक नई लग्जरी कार में तेज म्यूजिक बजाते हुए सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। कुछ युवक कार की खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान जश्न के बीच एक युवक लाइसेंसी राइफल से हाइवे पर फायरिंग करता नजर आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है, जबकि वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि चलती कार से युवक लापरवाहीपूर्वक बाहर झुके हुए हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
होटल-ढाबों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हाईवे पर स्थित होटल और ढाबों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि युवकों की पहचान की जा सके।
कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर स्टंटबाजी और फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
