Jabalpur News: जलेबी विवाद में युवक की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार; चाकू बरामद

मृतक युवक
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार थाना अंतर्गत ग्राम जैतपुरी में जलेबी खाने को लेकर हुआ मामूली विवाद एक युवक की हत्या की वजह बन गया। बीती शाम करीब 7:30 बजे हुए इस घटनाक्रम में 18 वर्षीय कृष्ण कुमार उर्फ उमंग उइके की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी साजन झारिया (19) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले गांव में लगे मेले के दौरान जलेबी खाने को लेकर साजन झारिया और कृष्ण कुमार के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोपी ने मन में रंजिश रख ली थी। घटना वाले दिन कृष्ण कुमार अपने साथियों पंकज बरकड़े और ब्रजेश उर्फ बिज्जू गौंड के साथ खेत से मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। यज्ञशाला के पास साजन ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने पहले थप्पड़ मारा और फिर चाकू निकालकर कृष्ण कुमार के सीने के बाईं ओर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मोटरसाइकिल के सामने कुत्ता आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे मृतक के माथे में भी चोट आई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक कैंट उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीव त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सरगर्मी से तलाश करते हुए जैतपुरी के जंगल में दबिश देकर आरोपी साजन झारिया को हिरासत में लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post