Jabalpur News: सिलेंडर फटने से घर में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पाटन तहसील के गुरु मोहल्ले में गुरुवार शाम करीब 7 बजे गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद एक मकान में भीषण आग लग गई। आग कृष्ण कुमार रैकवार के घर में लगी। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

स्थानीय लोगों ने अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी। जब वे मौके पर पहुंचे तो मकान से ऊंची लपटें उठती दिखीं। आग तेजी से फैलती गई, जिसके बाद तुरंत पाटन नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड वाहन अंदर नहीं जा सका। टीम ने पाइप अंदर तक ले जाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में सिलेंडर से गैस रिसाव की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। घटना में घर का पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

आग से करीब एक से डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post