MP News: भोपाल में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के बंगले के घेराव की कोशिश, पुलिस से झड़प

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मोहन सरकार के बजट में महिलाओं को महंगाई से राहत नहीं मिलने के विरोध में महिला कांग्रेस ने गुरुवार को राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुईं। इसके बाद वे ठेले पर स्कूटी और रसोई गैस सिलेंडर रखकर नारेबाजी करते हुए मंत्री के बंगले की ओर बढ़ीं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बढ़ती महंगाई से महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं, लेकिन बजट में उन्हें कोई राहत नहीं दी गई।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर रेडक्रॉस हॉस्पिटल के पास बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कुछ महिला कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बन गई।

महिला कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बजट में न तो रसोई गैस के दाम कम किए गए और न ही पेट्रोल-डीजल या घरेलू खर्चों पर कोई राहत दी गई। वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post