दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। सागर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित गढ़पहरा रोड पर एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह सदर के पास एक खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके पर पहुंची पुलिस को शव के आसपास खून से सने पत्थर मिले। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान मनोज अहिरवार (35) निवासी भैंसा के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने सागर-खुरई रोड पर भैंसा के पास चक्काजाम कर दिया। उन्होंने कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया और यातायात बहाल कराया।
कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
madhya pradesh
