Jabalpur News: आरक्षक के घर का ताला तोड़कर गहने और नकदी ले उड़े चोर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
संस्कारधानी में बेखौफ चोरों ने अब पुलिसकर्मियों के घरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला बरेला थाना क्षेत्र की गौर चौकी अंतर्गत सालीवाड़ा स्थित सिग्मा कान्हा कॉलोनी का है, जहां ग्वारीघाट थाने में पदस्थ आरक्षक मनोज कुमार झारिया के घर में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार आरक्षक मनोज कुमार झारिया अपने परिवार के साथ मंडला में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके मकान नंबर ई-22 का मुख्य दरवाजा और अलमारी के ताले तोड़ दिए। जब परिवार वापस लौटा तो घर के ताले टूटे मिले और अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था।

चोरों द्वारा करीब 20 ग्राम के सोने के कंगन, 6 सोने के हार, मंगलसूत्र, लॉकेट, सोने की लौंग सहित चांदी के भारी जेवरात जैसे पायल, चूड़ियां, चेन और ब्रेसलेट चोरी कर लिए गए। इसके अलावा घर में रखी करीब 25 हजार रुपए की नकदी भी गायब पाई गई।

पीड़ित आरक्षक की शिकायत पर बरेला पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों की तलाश में टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post