Jabalpur News: दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, चार घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र में बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहली घटना में ग्राम घुसौर निवासी योगेश सिंह ने थाना शहपुरा में सूचना दी कि बीती रात उन्हें गांव के गोपाल चौधरी ने बताया कि उनके पिता रज्जू सिंह (45 वर्ष) तालाब के पास खेरमाई मंदिर रोड पर दुर्घटना में घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही योगेश सिंह मौके पर पहुंचे और डायल 112 को बुलाया। मौके पर देखा गया कि रज्जू सिंह बेहोशी की हालत में पड़े थे, उनके सिर के पीछे गंभीर चोट थी और कान से खून निकल रहा था। बोलचाल की स्थिति नहीं थी। उलट-पलट कर देखने पर उनकी मृत्यु हो चुकी थी। डायल 112 की सहायता से शव को नटवारा मर्चुरी लाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रज्जू सिंह की मौत सड़क दुर्घटना में आई चोटों के कारण हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।

वहीं दूसरी घटना में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र के उड़ना गांव निवासी 18 वर्षीय दीपांशु लोधी, 19 वर्षीय लल्लन गौड़ तथा उनके साथी अमित, आयुष, उपेंद्र और विश्वजीत अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर बेलखेड़ा से पाटन की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सुरई गांव के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर जाकर गिरे। दीपांशु और लल्लन के सिर व शरीर में गंभीर चोटें आने तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post