दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बेखौफ बदमाश खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला गढ़ा थाना क्षेत्र से जुड़े कुख्यात बदमाश शिब्बू खान का है, जिसने 24 घंटे के भीतर दूसरी बार गंभीर वारदात कर इलाके में दहशत फैला दी।
24 घंटे में दूसरी वारदात
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात शिब्बू खान अपने साथियों के साथ हवाई फायरिंग कर फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी ही थी कि बीती उसने छुई खदान क्षेत्र में एक बार फिर आतंक मचाया। आरोप है कि शिब्बू खान ने यहां हवाई फायर करते हुए बम पटक दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शिब्बू खान अपने साथियों के साथ अवैध हथियारों से लैस नजर आ रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जमानत पर रिहा होने के बाद बढ़ा आतंक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शिब्बू खान कुछ दिन पहले हत्या के एक मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुआ है। रिहाई के बाद से वह क्षेत्र में हफ्ता वसूली, मारपीट और धमकियों के जरिए दहशत का माहौल बना रहा है। विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
इलाके में भय का माहौल
लगातार फायरिंग और बम फेंकने की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भारी डर व्याप्त है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग घरों से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Tags
jabalpur
