दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। जिले में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 10 बच्चों सहित कुल 27 लोग घायल हो गए। कई घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
धार्मिक अनुष्ठान से लौटते समय हुआ हादसा
यह घटना गैरतगंज क्षेत्र की गणेश घाटी पर भोपाल-सागर मुख्य मार्ग पर गढ़ी-मुदियाखेड़ा के बीच मंगलवार शाम करीब 7 बजे हुई। ग्राम भिलाड़िया के श्रद्धालु पठरिया धाम से धार्मिक अनुष्ठान पूरा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर एक नाबालिग चला रहा था, हालांकि प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ट्रॉली के नीचे दबे श्रद्धालु, स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हादसे के बाद कई श्रद्धालु ट्रैक्टर और ट्रॉली के नीचे दब गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर हटाकर घायलों को बाहर निकाला। राहगीरों और ग्रामीणों ने भी जान जोखिम में डालकर घायलों को सुरक्षित निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
बुजुर्ग महिला की मौत, कई गंभीर घायल
इस दुर्घटना में 60 वर्षीय आयुद्धि बाई की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक है। गंभीर रूप से घायल एक दर्जन से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया। गंभीर घायलों में 7 वर्षीय वंश, 8 वर्षीय प्रज्ञा, 13 वर्षीय अंजली धुर्वे, 45 वर्षीय अजुद्दी बाई, 40 वर्षीय जमना बाई और 35 वर्षीय विमला बाई शामिल हैं।
अधिकारी पहुंचे अस्पताल, इलाज के दिए निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
एसडीएम अंकित जैन, तहसीलदार नरेशसिंह राजपूत सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।
मजदूर और आदिवासी परिवारों के श्रद्धालु थे सवार
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु गरीब मजदूर तबके के आदिवासी परिवारों से थे, जो धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Tags
madhya pradesh
