दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में कुपोषित बच्चों के लिए भेजे जाने वाले शासकीय पोषण आहार की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। घमापुर क्षेत्र में प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार रात एक बंद दुकान पर छापा मारकर करीब 140 बोरी सरकारी पोषण आहार जब्त किया। यह आहार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को वितरित किया जाना था।
स्थानीय लोगों ने विभाग को सूचना दी थी कि एक दुकान पर रात के समय ट्रक से सामान उतारा जाता है, जबकि दुकान अधिकांश समय बंद रहती है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार और महिला बाल विकास विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। दुकान बंद होने के कारण पंचनामा तैयार कर ताला तोड़ा गया। अंदर भारी मात्रा में शासकीय पोषण आहार की बोरियां रखी मिलीं।
बरामद सामग्री की गिनती करने पर लगभग 140 बोरी पोषण आहार मिला, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। जिस दुकान से यह स्टॉक मिला, उसके बाहर एक निजी डॉक्टर का बोर्ड लगा हुआ है और दुकान घमापुर निवासी दीपक यादव की बताई जा रही है।
प्रशासन ने कालाबाजारी की आशंका के चलते दुकान को सील कर दिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस पूरे प्रकरण में किसी आंगनबाड़ी कर्मचारी या अन्य शासकीय कर्मचारी की मिलीभगत तो नहीं है।
Tags
jabalpur


