Jabalpur News: बकाया बिल पर कटा कनेक्शन तो भड़का युवक, बिजली कार्यालय में घुसकर दी जान से मारने की धमकी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटे जाने से नाराज एक युवक ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। युवक ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिसका वीडियो सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है।

जानकारी के अनुसार युवक दर्शन भाटिया बिजली विभाग के कार्यालय में घुस गया और अधिकारियों को खुलेआम धमकाने लगा। कार्यालय के अंदर हुए इस हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक आक्रामक अंदाज में कर्मचारियों से उलझता दिखाई दे रहा है। घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और उपभोक्ता सहम गए।

बताया जा रहा है कि युवक के घर में चार बिजली कनेक्शन हैं, जिन पर 20 हजार रुपये से अधिक का बिल बकाया था। विभाग द्वारा नियमानुसार कनेक्शन काटे जाने के बाद वह नाराज होकर कार्यालय पहुंचा और हंगामा करने लगा। अधिकारियों को डराने-धमकाने के साथ उसने अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया।

सूत्रों के अनुसार युवक के कार्यालय से जाने के बाद उसकी पत्नी भी वहां पहुंची और अधिकारियों को धमकाया। इससे कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। विभाग के अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लिया गया।

घटना की शिकायत पर ओमती थाना पुलिस ने दर्शन भाटिया के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बकाया बिल वसूली और कनेक्शन काटने की कार्रवाई नियमानुसार की जाती है तथा किसी भी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार या धमकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post