दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र स्थित गोकलपुर में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल 7वें आरोपी को पुराने आरटीओ कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 9 फरवरी को हुई थी, जब बाइक और कार की टक्कर के बाद दो पक्षों में विवाद बढ़ गया था। बहस के दौरान हमलावरों ने एकांत साहू नामक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी कमलेश महुबिया पुराने आरटीओ कार्यालय के पास छिपा हुआ है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में कुल 8 लोग शामिल थे, जिनमें से अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी छोटू ठाकुर अभी भी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
Tags
jabalpur
