दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में अवैध गैस सिलेंडर की बिक्री और भंडारण के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई आधारताल थाना क्षेत्र के महाराजपुर इलाके में एक मकान पर छापा मारकर की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रदीप साहू (55), पिता रूपलाल साहू, निवासी जगदंबा कॉलोनी के घर से सिलेंडरों का भारी स्टॉक मिला। जब्त सिलेंडरों में 8 भरे हुए, 32 खाली, 4 कमर्शियल और 2 छोटे सिलेंडर शामिल हैं, जो भारत और इंडेन कंपनियों के बताए जा रहे हैं।
लंबे समय से चल रहा था अवैध कारोबार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और कालाबाजारी में लिप्त था। गुप्त सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने दबिश देकर पूरे मामले का खुलासा किया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद रहा। नायब तहसीलदार, पटवारी और खाद्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में सिलेंडरों को जब्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गैस की कमी की अफवाहों से बचें — एसपी
जिले में गैस की कमी को लेकर फैल रही खबरों पर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।
एसपी के मुताबिक, बुकिंग पोर्टल पर अत्यधिक लोड के कारण कुछ तकनीकी दिक्कतें जरूर आई हैं, लेकिन उन्हें जल्द दूर किया जा रहा है।
कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई
पुलिस ने साफ कहा है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं गैस की अवैध बिक्री या स्टॉक की जानकारी मिले तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करें।
Tags
jabalpur
