Jabalpur News: तलवार लेकर घूम रहा शातिर बदमाश गिरफ्तार, 22 मामलों का आरोपी निकला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तलवार लेकर घूम रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी गंभीर अपराध की नीयत से इलाके में घूम रहा था।

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान मेडिकल गेट के सामने सूचना मिली कि सर्वेंट क्वार्टर रोड के पास एक व्यक्ति तलवार लेकर संदिग्ध स्थिति में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां एक व्यक्ति तलवार लेकर घूमता हुआ मिला। उसे पकड़कर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम दीपेश तिवारी (35 वर्ष), निवासी कैलाशपुरी, गुप्तेश्वर, बूढ़ी खेरमाई मंदिर के पास बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से तलवार जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, तोड़फोड़, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट सहित कुल 22 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह थाना गढ़ा के मारपीट और आबकारी एक्ट के मामलों में फरार भी चल रहा था।

पुलिस ने आरोपी को पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 137/26 (धारा 34ए आबकारी एक्ट) तथा अपराध क्रमांक 138/26 में भी गिरफ्तार किया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post