दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में क्राइम ब्रांच, थाना घमापुर और थाना पनागर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन सटोरियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14 हजार 630 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, सट्टा पट्टियां और केलकुलेटर जब्त किए हैं।
थाना घमापुर प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश गौतम के अनुसार क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि हजारी सिंधी के पीछे चांदमारी रोड पर एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा चला रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने दबिश देकर रोशन प्रजापति (24 वर्ष), निवासी घमापुर को सट्टा लिखते हुए पकड़ लिया। उसके पास से सट्टा पट्टी और 8,020 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ सट्टा एक्ट की धारा 4(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं थाना पनागर प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि रैपुरा क्षेत्र में भी सट्टा संचालित होने की सूचना पर कार्रवाई की गई। यहां ललित उर्फ दशरथ केवट (25 वर्ष) और दिनेश केवट (38 वर्ष) को सट्टा लिखते हुए पकड़ा गया। ललित के पास से 4,400 रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल तथा दिनेश के पास से 2,210 रुपये, सट्टा पट्टी और केलकुलेटर बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे रैपुरा निवासी मिहीलाल के कहने पर सट्टा लिखते थे, जो इसके बदले उन्हें मजदूरी देता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है, जबकि सट्टा संचालित कराने वाले मुख्य आरोपी मिहीलाल की तलाश जारी है।
Tags
jabalpur
