दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार डंपर ने ढाई साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची के खून के छींटे पास के स्कूल की दीवार तक जा पहुंचे और शव सड़क से चिपक गया। मां और परिजनों को बच्ची के शरीर के टुकड़ों को हाथों से समेटकर पॉलीथीन में रखना पड़ा।
आंगनवाड़ी से लौटते समय हुआ हादसा
मृत बच्ची की पहचान आकृति यादव (ढाई वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम बम्होरी की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार उसकी मां श्रृष्टि यादव आंगनवाड़ी सहायिका हैं और बच्चों को केंद्र से छोड़कर घर लौट रही थीं। उनके साथ गोद में एक शिशु था, जबकि आकृति उनका हाथ पकड़कर पैदल चल रही थी। तभी तेज रफ्तार डंपर ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया।
खून से सनी सड़क, बिलखती मां
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वीडियो में देखा गया कि सड़क पर खून फैला हुआ था और परिजन पानी डालकर उसे साफ कर रहे थे। मां अपनी बेटी के शव के पास बिलख-बिलखकर रोती रही। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा — घर में चार महीने की एक और बच्ची भी है।
7 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा गया डंपर
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बाइक, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से पीछा किया और करीब 7 किलोमीटर दूर तिंदनी टोल प्लाजा के पास डंपर को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
ग्रामीणों का चक्काजाम, तीन घंटे बाधित रहा मार्ग
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे लंबी वाहन कतार लग गई। करीब तीन घंटे बाद पुलिस की समझाइश पर जाम खत्म हुआ। अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Tags
madhya pradesh
