दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) पन्ना। पन्ना-कटनी मार्ग पर स्थित शाहनगर बस स्टैंड के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। गड्ढे में स्कूटी का संतुलन बिगड़ने से एक बुजुर्ग ट्रक के सामने गिर पड़े, लेकिन ट्रक चालक की सूझबूझ से उनकी जान बच गई।जानकारी के अनुसार यह घटना 12 मार्च की शाम की है, जिसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। शाहनगर-देवरी रोड स्थित बस स्टैंड के पास उस समय यातायात का काफी दबाव था। इसी दौरान एक बुजुर्ग अपनी स्कूटी से सामान्य गति में सड़क पार कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही स्कूटी सड़क पर बने गहरे गड्ढे में पहुंची, वह अनियंत्रित हो गई और बुजुर्ग सीधे सामने से आ रहे ट्रक के सामने गिर पड़े। बुजुर्ग ट्रक के पिछले पहिए से महज करीब दो फीट की दूरी पर गिरे। ट्रक चालक ने तुरंत वाहन की रफ्तार कम कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बुजुर्ग को उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।
सड़क की हालत पर लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखने को मिला। रहवासियों का कहना है कि शाहनगर बस स्टैंड के पास लंबे समय से सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदारों ने मरम्मत तक नहीं कराई है।
‘सड़क नहीं, मौत का जाल’
स्थानीय निवासी गजेंद्र सिंह का कहना है कि यह सड़क नहीं बल्कि ‘मौत का जाल’ बन चुकी है। आए दिन यहां दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क की मरम्मत या डामरीकरण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Tags
madhya pradesh
