Jabalpur News: होटल सिटी एरा में आधी रात हंगामा, पुलिस से भी उलझे नशेड़ी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के यादव कॉलोनी चौकी के पास स्थित होटल सिटी एरा में बीती रात करीब 2 बजे उस समय हंगामा मच गया, जब शराब के नशे में धुत युवकों और होटल कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला जूतमपैजार में बदल गया और मारपीट होटल परिसर से निकलकर सड़क तक पहुंच गई। देर रात तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

टॉयलेट जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार एक युवती होटल में टॉयलेट उपयोग करने के लिए अंदर चली गई थी। होटल कर्मचारियों ने उसे रोकते हुए कार्ड या अनुमति दिखाने की बात कही। इसी बात को लेकर युवती और कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में युवती के साथ मौजूद युवक भी वहां पहुंच गए और बहस करने लगे, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर युवक को पीटा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले और एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद युवतियों के साथ भी धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है, जिससे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी फैल गई।

पुलिस से भी हुई झूमा-झपटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन नशे में धुत युवक पुलिसकर्मियों से भी उलझ पड़े और झूमा-झपटी की स्थिति बन गई। हालात को काबू में करने के लिए तीन थानों की पुलिस बल को बुलाना पड़ा, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हो सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post