दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। भोपाल–जबलपुर एनएच-45 पर एक व्यापारी की कार से 17 लाख रुपए से भरा बैग अज्ञात बदमाश लेकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब व्यापारी सड़क किनारे कार का पंचर टायर बदल रहे थे।
जानकारी के अनुसार मटर मंडी के व्यापारी विशेष जैन बैंक से 17 लाख रुपए नकद निकालकर कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक कार का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी रोककर स्टेपनी बदलना शुरू किया।
बताया जा रहा है कि नकदी से भरा बैग कार की ड्राइवर सीट के पास रखा हुआ था। व्यापारी टायर बदलने में व्यस्त थे, तभी अज्ञात बदमाश मौका देखकर कार से बैग उठाकर फरार हो गए। टायर बदलने के बाद जब व्यापारी ने बैग देखा तो वह गायब मिला।
पीड़ित विशेष जैन मटर मंडी में मटर के व्यापार से जुड़े हैं और कामकाज के लिए ही बैंक से बड़ी रकम निकालकर ले जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, हालांकि अभी तक कोई स्पष्ट सुराग हाथ नहीं लगा है।
Tags
jabalpur


