Jabalpur News: बरगी डेम में डूबे युवक का शव 2 दिन बाद मिला, होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ नहाने गया था

दैनिल सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी डेम में डूबे युवक का शव दो दिन बाद शुक्रवार सुबह बरामद किया गया। मृतक की पहचान बरगी नगर जैन मंदिर के पास रहने वाले शैलेष नेमा (27) के रूप में हुई है। वह बुधवार को होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ डेम में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने से डूब गया।

सूचना मिलते ही बरगी नगर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची थी। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे गोताखोरों ने डेम से शव बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

होली खेलने के बाद डेम पहुंचे थे तीन दोस्त

जानकारी के अनुसार शैलेष नेमा बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था। वह अपने दोस्तों रोहन कोइराला और सागर के साथ बरगी नगर में होली खेल रहा था। इसके बाद तीनों बरगी नगर चौक में बैठे और वहीं से बरगी डेम में नहाने जाने का प्लान बनाया।

तीनों युवक बाइक से डेम के जीरो पॉइंट पहुंचे और वहां पानी में उतर गए।

गहरे पानी में जाने से डूबने लगा

रोहन कोइराला के मुताबिक वह डेम किनारे बैठा हुआ था। इसी दौरान शैलेष पानी में चला गया और अचानक उसने आवाज लगाई— “रोहन बचाओ।”
शुरुआत में रोहन को लगा कि शैलेष मजाक कर रहा है, क्योंकि उसे तैरना आता था। लेकिन कुछ ही देर में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

बचाने की कोशिश में युवक ने 10 मिनट तक पकड़े रखा

रोहन के अनुसार उसने ऊपर जाकर मदद मांगी। पास में मौजूद एक युवक पानी में कूदकर शैलेष को बचाने पहुंचा और करीब 10 मिनट तक उसे पकड़कर रखा, लेकिन थक जाने के कारण उसका हाथ छूट गया और शैलेष गहरे पानी में डूब गया।

रोहन ने पुलिस को बताया कि उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह पानी में नहीं उतर सका।

दो दिन तक चला सर्च ऑपरेशन


घटना की सूचना मिलते ही बरगी नगर चौकी प्रभारी सरिता पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम ने बुधवार शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया। गुरुवार को भी तलाश जारी रही, पर युवक का पता नहीं चला।

शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद करीब साढ़े 8 बजे शव बरामद कर लिया गया।

चेतावनी के बावजूद जीरो पॉइंट पार कर उतरे थे पानी में

पुलिस के अनुसार तीनों युवक डेम के उस जीरो पॉइंट तक पहुंच गए थे, जहां डेम प्रबंधन ने आगे जाने से मना किया हुआ है। चेतावनी के बावजूद वे करीब 40 फीट आगे जाकर पानी में उतर गए, जहां गहराई अधिक थी।

फिलहाल पुलिस ने दोनों दोस्तों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सावधानी ही सुरक्षा है

गर्मी और त्योहारों के दौरान डेम, नदी या तालाब में नहाने से पहले सुरक्षा नियमों का पालन करें—एक छोटी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post