दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक की जांघ में चोट आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार विनोवा नगर अधारताल निवासी आर्यन रजक (20) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 10 बजे वह अपने साथी शिवा के साथ माही मेडिकल के सामने खड़ा था। इसी दौरान उसका परिचित फरहान अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और उससे जबरन एक हजार रुपये की मांग करने लगा।
आर्यन ने रुपये देने से मना किया तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर फरहान और उसके साथी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। इसी दौरान फरहान के एक दोस्त ने चाकू से हमला कर आर्यन की बाईं जांघ के ऊपर चोट पहुंचा दी। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले में अधारताल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296बी, 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
