MP News: 66 साल के हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज, परिवार संग किया पौधारोपण; ‘मामा कोचिंग’ और ‘चलित अस्पताल’ की करेंगे शुरुआत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज जन्मदिन है। अपने 66वें जन्मदिन पर शिवराज ने भोपाल के स्मार्ट पार्क में परिवार के साथ पौधारोपण किया। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने आगामी सामाजिक योजनाओं की जानकारी दी।

शिवराज ने कहा कि इस जन्मदिन से वे पांच संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे— पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सेवा, सहायता और प्रतिभा प्रोत्साहन।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बधाई देते हुए लिखा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वे अपने विनम्र स्वभाव और जनता से जुड़ाव के लिए प्रशंसित हैं। वे हमारे किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं। हम उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं। 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने जरूरतमंदों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भी भेंट की।

शिवराज ने कहा कि पेड़ केवल लकड़ी नहीं, बल्कि करोड़ों जीवों का घर और ऑक्सीजन की फैक्ट्री हैं। धरती का तापमान कम करना है तो हर हाल में पेड़ लगाना होगा।

पैसे की कमी किसी बच्चे के भविष्य में बाधा न बने, इसके लिए विदिशा, रायसेन और भैरुंदा में मुफ्त कोचिंग शुरू की जाएगी ताकि गरीब बच्चों को भी अफसर बनने का अवसर मिल सके। माता-पिता की स्मृति में विदिशा संसदीय क्षेत्र के मेधावी छात्रों के लिए प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान शुरू किया जाएगा। टॉपर्स को सम्मान राशि दी जाएगी।

दिव्यांगजन को बैटरी से चलने वाली साइकिल दी जाएगी, जिससे वे चल-फिर सकें और रोजगार भी कर सकें।विदिशा की आठों विधानसभाओं में मोबाइल क्लिनिक चलेंगे, जिनमें डॉक्टर, कंपाउंडर और जरूरी जांच सुविधाएं होंगी। गांव-गांव जाकर मुफ्त इलाज किया जाएगा।

दूरस्थ इलाकों तक पहुंचेगी चिकित्सा सुविधा

शिवराज ने बताया कि मेडिकल मोबाइल वैन के जरिए अब उन इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी, जहां सामान्यतः इलाज उपलब्ध नहीं हो पाता। ईसीजी, ब्लड जांच जैसी प्रारंभिक जांच वहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर मरीजों को रेफर किया जाएगा।

स्वामी अवधेशानंद ने दी शुभकामनाएं

जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने पौधा रोपकर शिवराज को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन सनातन धर्म, संस्कृति और सेवा मूल्यों से प्रेरित है। उन्होंने शिवराज के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की।

स्वागत में अब गुलदस्ते नहीं, पौधे भेंट किए जाएं

शिवराज ने अपने मंत्रालयों में यह परंपरा शुरू की है कि कार्यक्रमों में गुलदस्ते, शॉल और मोमेंटो की जगह पौधे भेंट किए जाएं। पौधा लगाने वाले लोग क्यूआर कोड के माध्यम से फोटो अपलोड कर ‘शिव वृक्ष मित्र’ बन सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post