राघव चड्ढा समेत 3 राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए उसके वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ संदीप पाठक और अशोक कुमार मित्तल ने भी शुक्रवार शाम भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के 10 में से 7 राज्यसभा सांसद उनके साथ हैं और वे सभी भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता भी इस फैसले के साथ हैं, हालांकि इनमें से कुछ सांसद अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।

राघव चड्ढा ने अपने फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि “पिछले कुछ वर्षों से मुझे लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि दो-तिहाई सांसदों के समर्थन के कारण दलबदल कानून लागू नहीं होगा और यह कदम पूरी तरह संवैधानिक प्रावधानों के तहत उठाया गया है।

इस घटनाक्रम के साथ ही राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस कदम को विश्वासघात करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि जनता ऐसे नेताओं को माफ नहीं करेगी। वहीं AAP नेताओं ने इसे “ऑपरेशन लोटस” बताते हुए केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

उल्लेखनीय है कि अशोक मित्तल के ठिकानों पर हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी भी हुई थी, जिसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

इस पूरे घटनाक्रम ने खासकर पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है

Post a Comment

Previous Post Next Post