दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ट्रेन के इंजन से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आरपीएफ ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 200 लीटर डीजल बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 18 हजार रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शहपुरा और भिटौनी रेलवे स्टेशन के पास खड़े ट्रेन के इंजन से 20 से 23 अप्रैल के बीच चोरी की घटना सामने आई थी। शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान पता चला कि कुछ लोग पाटन क्षेत्र में कार से डीजल के डिब्बे लेकर घूम रहे हैं। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को 45 लीटर डीजल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों और खरीदारों के बारे में जानकारी दी।
आरोपियों की निशानदेही पर आरपीएफ ने दो और लोगों को पकड़ा, जिनके पास से 155 लीटर डीजल बरामद किया गया। साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई कार (MP20-CC3293) भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में आशीष कुमार मल्लाह (22), यशवंत गौड़ उर्फ गद्दार (20), माधव रैकवार उर्फ राज (19) सहित अन्य शामिल हैं, जो भिटौनी और पाटन क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने लोको से डीजल निकालकर उसे स्थानीय स्तर पर बेच दिया था।
आरपीएफ ने सभी आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 और रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
