दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। कटनी जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज 350 रुपए और एक मोबाइल के लिए ट्रक चालक की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का 12 दिन में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
लिफ्ट लेकर रची खौफनाक साजिश
यह वारदात 10-11 अप्रैल की दरम्यानी रात स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के छपरा नेशनल हाईवे पर हुई। जबलपुर निवासी ट्रक चालक राकेश दाहिया के ट्रक में आरोपियों ने लिफ्ट ली। रास्ते में साथ बैठकर शराब पीने के बाद आरोपियों ने ड्राइवर से पैसे मांगे।
जब राकेश ने पैसे देने से इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने ट्रक में रखे व्हील पाना और मुक्कों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मौके पर ही हुई मौत, लूटकर फरार
गंभीर चोट लगने से राकेश दाहिया की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से केवल 350 रुपए और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। हाईवे पर लगे CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस संदिग्धों तक पहुंची।
2 आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बंधी निवासी रोहित कोल (21) को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर अमन चौबे उर्फ भूत (22) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल व्हील पाना और लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं तीसरे आरोपी मनोज की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
हाईवे पर खड़े ट्रक में मिला था शव
11 अप्रैल की सुबह डायल 112 को छपरा नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में खून से लथपथ शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान सिहोरा निवासी राकेश दाहिया के रूप में हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
Tags
madhya pradesh
