दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां साथ बैठकर शराब पी रहे दोस्तों के बीच मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। तीन युवकों ने मिलकर अपने ही साथी को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।
साथ बैठकर पी रहे थे शराब, अचानक भड़का विवाद
यह घटना पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम लीची चौकी नुनसर की है। शुक्रवार को 26 वर्षीय मनीष चहार अपने गांव के ही परिचित अभिषेक, विवेक और कान्हा के साथ बैठकर शराब पी रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआती बहस धीरे-धीरे उग्र होती चली गई और देखते ही देखते तीनों युवकों ने मिलकर मनीष पर हमला कर दिया।
लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला, मौके पर ही मौत
गुस्से में बेकाबू आरोपियों ने मनीष चहार पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण मनीष ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर और चौकी प्रभारी विपिन तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
तीनों आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों—अभिषेक, विवेक और कान्हा—के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा, पुलिस सतर्क
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
Tags
jabalpur
