Jabalpur News: लार्डगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 5 दुपहिया वाहन बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लार्डगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 5 दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सूरज यादव (19) निवासी छुई खदान वेदी नगर थाना गढ़ा और आशुतोष यादव (19) निवासी ग्राम सुनवारा थाना धनौरा जिला सिवनी को पकड़ा। दोनों आरोपियों को थाना लाकर सघन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

पूछताछ में सूरज यादव ने लार्डगंज थाना क्षेत्र से 2 स्कूटी और शहपुरा क्षेत्र से 1 स्कूटी चोरी करना कबूला, जबकि आशुतोष यादव ने लार्डगंज क्षेत्र से 1 स्कूटी और भेड़ाघाट टोल के पास से 1 स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 5 दुपहिया वाहन बरामद किए, जिनमें विभिन्न नंबर की एक्टिवा और एक्सिस स्कूटी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ इस्तगाशा क्रमांक 03/26 के तहत धारा 35(1)(ड) बीएनएसएस और 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राहुल बघेल, उप निरीक्षक दीप्ति लिल्हारे, सहायक उप निरीक्षक राजेश वर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post