दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही कार की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, ग्राम नटवारा निवासी कृष्ण कुमार राजपूत (34) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई संतोष सिंह राजपूत (39) मोटरसाइकिल क्रमांक MP 20 MX 4565 से गैस सिलेंडर लेने शहपुरा गए थे। नटवारा चौराहे के पास सड़क पार करते समय उनका एक्सीडेंट हो गया। आसपास के लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचने पर संतोष सिंह राजपूत गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले, जिनके सिर, माथे, सीने और पैरों में गंभीर चोटें थीं। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक्सीडेंट करने वाली कार (MP 19 ZS 5201) खड़ी मिली। परिजन घायल को तुरंत शहपुरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
