Jabalpur News: शहर में ‘फैमिली गैंग’ का खौफ, पलक झपकते घर में घुसकर मोबाइल चोरी, CCTV में कैद वारदात

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में इन दिनों एक शातिर ‘फैमिली गैंग’ का आतंक बढ़ता जा रहा है। यह गैंग बेहद चालाकी से सूने घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला के घर से मोबाइल चोरी होने की घटना सामने आई है।

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त महिला अपने घर की दूसरी मंजिल पर मौजूद किचन में काम कर रही थी। इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और पलक झपकते ही मोबाइल लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद जब घर में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में एक महिला, एक पुरुष और उनके साथ दो बच्चे संदिग्ध गतिविधियां करते नजर आए। ये चारों 16 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे इलाके में घूमते हुए कई घरों की रेकी करते दिखे।

पीड़िता के अनुसार चोरी हुआ मोबाइल काफी महत्वपूर्ण था, जिसमें जरूरी दस्तावेज और नौकरी से जुड़े एप मौजूद थे। घटना के बाद महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने चोरी के बजाय गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गैंग खासतौर पर सूने घरों को निशाना बनाता है।

पुलिस का मानना है कि इस गैंग ने शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। संदिग्ध परिवार की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post