दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की वारदात सामने आई है, जहां शादी समारोह से लौट रहे युवकों पर दो आरोपियों ने हमला कर दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हड्डी गौदाम गोहलपुर निवासी नाहिद मंसूरी (22) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी कार टेंटिंग-पेंटिंग की दुकान मदनमहल क्षेत्र में स्थित है। वह अपने साथी मोह. इस्तयार अंसारी, एजाज अंसारी और मारूफ कुरैशी के साथ अपने मित्र शेख फैजान की दो बहनों की शादी में गाजीबाग मैरिज हॉल गया था।
शादी समारोह में शामिल होने के बाद सभी युवक पैदल गाजी नगर की ओर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अरमान और अयान नामक युवक मिले, जिन्होंने शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। अरमान ने मारूफ कुरैशी के दाहिने हाथ की कोहनी के पास चाकू मार दिया, जबकि अयान चाकू लेकर अन्य युवकों के पीछे दौड़ा। इसके बाद दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घायल मारूफ कुरैशी को तत्काल शीतल छाया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
गोहलपुर पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
