दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा खमरिया थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में 36 वर्षीय असीम दुबे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब डेढ़ बजे का है। असीम दुबे रांझी से अपने गृहग्राम पिपरिया लौट रहे थे, तभी खमरिया अस्पताल तिराहे के पास शहडोल से जबलपुर की ओर आ रही एंबुलेंस ने उनकी बाइक (MP-20-ZA-1445) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद एंबुलेंस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई और पेड़ से जा टकराई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एंबुलेंस में सवार मरीज को पुलिस और सुरक्षा गार्ड की मदद से दूसरे वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।शादी समारोह से लौट रहे थे असीम दुबे
जानकारी के अनुसार, असीम दुबे रात करीब एक बजे एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे में उनके सिर, सीने, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
असीम दुबे ऑल इंडिया डिफेंस एंप्लाई फेडरेशन (AIDEF) की व्हीकल फैक्ट्री कार्य समिति के सचिव थे।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम पिपरिया में किया जाएगा।

